Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला छावनी | अंबाला छावनी के मेन सदर बाजार स्थित जैन सोडा वाटर की ओर से स्वर्गीय रीता जैन की चौथी पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा को समर्पित इस शिविर का शुभारंभ हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने किया।
रक्तदान शिविर में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान करीब 100 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
इस अवसर पर रक्तदाताओं ने रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सके।
शिविर के संयोजक राहुल जैन ने बताया कि यह आयोजन उनकी माता स्वर्गीय रीता जैन की स्मृति में किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार का लक्ष्य 100 यूनिट रक्त संग्रह करने का था और लोगों के सहयोग से यह लक्ष्य पूरा हुआ। उन्होंने रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने रक्तदाताओं के इस सेवा भाव की सराहना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिसका कोई विकल्प नहीं है। न तो रक्त खरीदा जा सकता है और न ही किसी प्रयोगशाला में तैयार किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर केवल एक इंसान ही दूसरे इंसान के काम आता है।
अनिल विज ने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान शिविरों और नागरिक अस्पतालों में जाकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। साथ ही रक्तदान करने से शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया भी तेज होती है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
आयोजन के दौरान बढ़ती गर्मी को देखते हुए पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का संदेश भी दिया गया। मानवता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पक्षियों के लिए पानी रखने हेतु कसोरे वितरित किए गए तथा लोगों को गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जैन सोडा वाटर परिवार के संजीव जैन, वरुण जैन और राहुल जैन एडवोकेट ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।