Summer express, भिवानी |भिवानी जिले में अवैध जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर जुआरियों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान एक हेड कॉन्स्टेबल को वाहन से टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ-1 की टीम को गांव देवसर और कुसुंभी के बीच खेतों में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भागने की बजाय आरोपियों ने टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया।
आरोप है कि जुआरियों ने भागने के दौरान पुलिसकर्मी हेड कॉन्स्टेबल सुनील को वाहन से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने उन्हें कुचलने का भी प्रयास किया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया गया।
जुई कलां थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
डीएसपी अनूप कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल हेड कॉन्स्टेबल का हालचाल जाना और पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।