समर न्यूज | अमृतसर
अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर 27 किलोग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद की है। कार्रवाई खासा क्षेत्र के पास की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली नशीले पदार्थों की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुस्से गांव निवासी करण तथा भल्ला कॉलोनी निवासी समरप्रीत, विशाल और सनी के रूप में हुई है। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत, स्थानीय स्तर पर उनकी सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच आगे बढ़ने पर और बरामदगी हो सकती है दुबई स्थित हैंडलर से संबंध की बात सामने आई है। करण नाम का व्यक्ति नशीले पदार्थों की खेप की व्यवस्था करता था।
सीमा पार तस्करी पर नजर
अमृतसर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी सुरक्षा एजेंसियों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। हाल के महीनों में सीमा क्षेत्र में हेरोइन की कई खेप बरामद की गई हैं। जून में भी अमृतसर के घरिंडा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 27 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मौजूदा मामले में काउंटर इंटेलिजेंस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर सीमा पार के संपर्कों और स्थानीय नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है।