नई दिल्ली | विशेष रसायन उत्पाद बनाने वाली कंपनी सेफेक्स केमिकल्स (इंडिया) ने पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किए हैं। कंपनी इस IPO के जरिए 450 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी और इसके साथ-साथ 35,734,818 इक्विटी शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत जारी किए जाएंगे।
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, यह निर्गम कंपनी के प्रमोटरों, मौजूदा निवेशकों और अन्य शेयरधारकों द्वारा की जा रही बिक्री का मिश्रण होगा। IPO से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी अपने कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए करेगी।
क्रिस कैपिटल है प्रमुख निवेशक
प्राइवेट इक्विटी फर्म क्रिस कैपिटल, जिसने मार्च 2021 और सितंबर 2022 में कंपनी में निवेश किया था, फिलहाल सेफेक्स केमिकल्स की 44.80% इक्विटी शेयर पूंजी की मालिक है। कंपनी IPO से पहले 90 करोड़ रुपये जुटाने के लिए प्री-IPO प्लेसमेंट का भी विकल्प तलाश रही है। यदि यह योजना सफल होती है, तो ताजा निर्गम का आकार उतना ही घटा दिया जाएगा।
कृषि रसायनों में मजबूती से विस्तार
सेफेक्स केमिकल्स कृषि क्षेत्र में फसल सुरक्षा उत्पादों की एक विस्तृत रेंज पेश करती है, जिससे किसानों को पैदावार बढ़ाने में मदद मिलती है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की परिचालन आय 12.83% की बढ़ोतरी के साथ 1,584.78 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 1,404.59 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का परिचालन 22 देशों में फैला हुआ है और भारत में 7 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा ब्रिटेन में 1 यूनिट मौजूद है।