Summer express, सुंदर कुंडू , पलवल | पलवल के इंडोर स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में एसडीएम भूपेंद्र सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच और ब्लॉक समिति के सदस्य मौजूद रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत यह सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीब, कमजोर और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए आयुष्मान भारत योजना, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया सहित कई ऐतिहासिक योजनाएं चलाई हैं। इसके साथ ही धारा 370 हटाना, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को लाभ पहुंचाना सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।
जिला बागवानी अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि सम्मेलन में किसानों को बागवानी विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को फल-सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन, नेट हाउस, पॉली हाउस और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
कृषि विभाग के खंड तकनीकी प्रबंधक सुंदरलाल ने किसानों को धान की सीधी बिजाई, फसल अवशेष प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।