Summer express, अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियारों की एक बड़ी खेप बरामद की है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एके-47 राइफल, 25 विदेशी पिस्तौल, 368 कारतूस और 47 मैगजीन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, BSF ने इस कार्रवाई के दौरान एक भारतीय नागरिक को भी गिरफ्तार किया है, जो इस खेप को उठाकर अपने साथियों तक पहुंचाने की योजना में शामिल था।
यह बरामदगी लोपोके और रमदास सेक्टर के बीच क्षेत्र में की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी तस्करों ने कथित रूप से आईएसआई के इशारे पर ड्रोन के जरिए यह हथियारों का जखीरा भारतीय सीमा क्षेत्र में गिराया था।
सूत्रों के मुताबिक, इस खेप को आगे पंजाब के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय अपराधियों तक पहुंचाने की योजना थी।
यह कार्रवाई BSF की 117 बटालियन द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें समय रहते तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया।