Summer express, ऊना, विकास शर्मा | नारी से बधमाना को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क बंद होने के चलते स्थानीय लोग और श्रद्धालु मजबूरन संकरे और जर्जर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी वैकल्पिक रास्ते पर हाल ही में चिंतपूर्णी जा रहे श्रद्धालुओं की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचाव हुआ।
यह मार्ग धार्मिक और व्यापारिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पंजाब के होशियारपुर, दौलतपुर और तलवाड़ा सहित कई क्षेत्रों से आने-जाने वाले श्रद्धालु और आम लोग इसी सड़क मार्ग का उपयोग करते हैं। लंबे समय से क्षेत्रवासी सड़क को सुरक्षित और सुचारू रूप से बहाल करने की मांग उठा रहे थे।
अब इस समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के प्रयासों से सड़क पर रिटेनिंग वॉल (दंगे) के निर्माण के लिए 28 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। बजट मंजूर होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने राहत की सांस ली है।
बीडीसी सदस्य शिखा गुलरिया, कमल किशोर, अशोक गुलेरिया, पुष्पेंद्र, फंदू नारी और सुभाष सहित अन्य स्थानीय लोगों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने जनता की समस्या को गंभीरता से समझते हुए तुरंत कार्रवाई करवाई, जिससे आने वाले समय में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिटेनिंग वॉल बनने के बाद यह मुख्य मार्ग दोबारा सुरक्षित तरीके से शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।