Mandi, 7 July
हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि आपदा में बेघर हुए परिवारों को शीघ्र अति शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर जमीन उपलब्ध करवा कर उनके लिए आवास निर्माण की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावितों के पास स्थायी आश्रय नहीं होगा, तब तक उनका सामान्य जीवन पटरी पर लौटना संभव नहीं है।
पंडोह दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल
पंडोह क्षेत्र के कुकलाह और बाखली गांवों के दौरे के दौरान आपदा पीड़ितों से मुलाकात करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में 500 से अधिक परिवार बेघर हो चुके हैं, जिनमें कई के पास अब जमीन भी नहीं बची है। ऐसे में प्रदेश सरकार को चाहिए कि बिना किसी देरी के इन परिवारों को राहत और पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाए।
डॉ. बिंदल ने कहा:“यदि सरकार सुरक्षित स्थानों पर जमीन उपलब्ध करवाएगी, तो प्रभावित परिवार खुद घर बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे और समाज के अन्य लोग भी उनकी मदद के लिए आगे आएंगे।”उन्होंने यह भी कहा कि आपदा के बाद राहत कार्यों में सरकार की शुरुआती सुस्ती ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। अब जबकि कुछ कार्य शुरू हुए हैं, तो उन्हें पूरी तत्परता और गंभीरता से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। खासतौर पर सड़कों की बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर होना चाहिए, ताकि बची-खुची फसलों को मंडियों तक पहुंचाया जा सके और ग्रामीणों की आजीविका बहाल हो सके।
इस मौके पर डॉ. बिंदल ने नाचन के स्यांज में एक खड्ड को पैदल पार कर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उनके साथ सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल, बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जम्वाल और मंडी भाजपा अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।