7 July, 2025
वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चाहने वालों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जैसे ही सीज़न 4 की कहानी लोगों को बांधे हुए है, मेकर्स ने अब सीज़न 5 की घोषणा कर दी है। प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर इस बात की जानकारी दी है और बताया है कि ‘पंचायत’ का अगला सीज़न साल 2026 में रिलीज़ होगा।
प्राइम वीडियो द्वारा साझा किए गए पोस्टर में दिखाया गया कि बिनोद कुर्सी पर बैठा है और बनराकस और विकास उसे कुर्सी सहित उठाए हुए हैं। साथ ही मंजू देवी, अभिषेक त्रिपाठी, रिंकी, ब्रज भूषण, प्रलाद पांडे और क्रांति देवी कैमरे के सामने पोज दे रहे हैं।
सीज़न 4 की बात करें तो, इसे 24 जून को रिलीज़ किया गया था। इस बार कहानी में पंचायत चुनाव की गहमागहमी दिखाई गई, जहां मंजू देवी और क्रांति देवी आमने-सामने थीं। आख़िरकार, क्रांति देवी ने चुनाव जीत लिया, जबकि मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, सचिव अभिषेक त्रिपाठी ने CAT परीक्षा पास कर ली है, जिससे यह संकेत मिलता है कि वो अब गांव में केवल कुछ महीनों के लिए हैं। इसी दौरान, अभिषेक और रिंकी की लव स्टोरी भी शुरुआत की ओर बढ़ती दिखी है।
अब जब ‘पंचायत 5’ की पुष्टि हो गई है, तो फैंस को फुलेरा की नई कहानियों और ड्रामा का बेसब्री से इंतजार रहेगा।