शाहकोट | जालंधर के शाहकोट थाने में एक पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव बाजवा कलां निवासी 26 वर्षीय गुरभेज सिंह उर्फ भेजा के रूप में हुई है, जो कुछ समय से थाने में अनौपचारिक रूप से कर्मचारियों की सेवा जैसे चाय-पानी लाने और मालिश करने का काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि गुरभेज सिंह पिछले शुक्रवार को थाने गया था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हैरानी की बात यह रही कि युवक की लाश तीन दिन तक थाने के अंदर मौजूद रही और किसी पुलिसकर्मी को उसका पता तक नहीं चला। आखिरकार, शव सड़ने के कारण बदबू उठी तो पुलिसकर्मियों ने जांच की और थाने की ऊपरी मंजिल पर एक कमरे में युवक का शव बरामद हुआ।
इस घटना से थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। कैसे तीन दिनों तक किसी ने उसकी गैरमौजूदगी को नोटिस नहीं किया? और थाने के भीतर एक शव की मौजूदगी किसी की नजर से कैसे बची रही?
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही परिवार को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए नकोदर के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। अंत्येष्टि में ग्रामीणों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।
युवक की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर है। वहीं, मौत की परिस्थितियां अभी भी रहस्य बनी हुई हैं, जिससे कई सवाल उठ खड़े हुए हैं।