चंडीगढ़ | पंजाब में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और राज्य के अधिकांश जिलों में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी। विभाग ने राज्य के सभी जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि इसका दायरा धीरे-धीरे सिमट सकता है। 10 जुलाई तक राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 11 जुलाई के बाद भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन उस दिन के लिए फिलहाल किसी तरह का चेतावनी अलर्ट जारी नहीं किया गया है।