Summer express, अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा अंबाला-जगाधरी मार्ग पर नेशनल हाईवे-344 स्थित तेपला क्षेत्र के पास हुआ, जहां सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शवों के अंग सड़क पर बिखर गए।
मृतकों की पहचान मोहित (20), मनीष (21) और शोभा (29) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और अंबाला में एक वर्कशॉप में मजदूरी का काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।