Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला | केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा सोमवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके स्वागत के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले से ही रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी स्टेशन पहुंचे।
सुबह करीब 10:20 बजे जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पहुंची, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जेपी नड्डा का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” और “नड्डा जी जिंदाबाद” के नारों के साथ पूरे रेलवे स्टेशन का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।
केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की ओर से स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पूर्व मंत्री असीम गोयल, भाजपा नेत्री नीता खेड़ा, बंतो कटारिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन से जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भारी काफिले के साथ अंबाला शहर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्थल के लिए रवाना हुए, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का उनका कार्यक्रम निर्धारित है।