लक्की मेहता | लुधियाना
मानसून के मद्देनजर नगर निगम ने शहर में सभी जरूरी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। बारिश के दौरान जलभराव और अन्य समस्याओं से लोगों को राहत दिलाने के लिए निगम ने 1700 सीसीटीवी कैमरों से लैस अत्याधुनिक मानसून वार रूम स्थापित किया है।
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने वार रूम का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने बताया कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से शहर के संवेदनशील इलाकों, जलभराव वाले चौकों और प्रमुख ड्रेनों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। किसी भी स्थान पर पानी जमा होने की सूचना कुछ ही सेकंड में मिल जाएगी, जिसके बाद निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। इससे राहत कार्य में लगने वाला समय घंटों के बजाय मिनटों में सिमट जाएगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द ही मानसून संबंधी शिकायतों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को बुद्धा दरिया और मुख्य सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई, सभी मैनहोल ढकने, रोड जालियों की सफाई सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए गए।
साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में जलभराव से निपटने के लिए फिलहाल 30 डिस्पोजल जनरेटर सहित तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा इस वर्ष आठ नए डिस्पोजल भी लगाए जा रहे हैं, जिससे पानी निकासी की क्षमता और बढ़ेगी।
लगातार चल रहे सफाई अभियान के चलते बुड्ढा नाला पूरी तरह साफ है और पानी के बहाव में कोई रुकावट नहीं है। हालांकि ढोका मोहल्ला में पुली निर्माण कार्य के कारण नाले का बहाव फिलहाल संकरा किया गया है।
निगम का कहना है कि भारी बारिश की स्थिति में निर्माण कार्य तत्काल रोककर पानी के बहाव को पूरी तरह खोल दिया जाएगा। साथ ही पुली निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करने का भरोसा दिया गया।