Summer express/शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। खराब मौसम को देखते हुए शुक्रवार को प्रदेश के दो जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया। इस विषय पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पहले ही ऐसी व्यवस्था लागू कर चुकी है, जिसके तहत मौसम की स्थिति के अनुसार स्कूल बंद करने का निर्णय जिला प्रशासन द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधीश अपने जिले की परिस्थितियों का आकलन कर समय रहते अवकाश घोषित करेंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में पूरे राज्य के लिए एक साथ स्कूल बंद करने का फैसला व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले सरकार ने यह नीति बनाई थी कि यदि किसी जिले में मौसम अधिक खराब हो, तो वहां के उपायुक्त स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर सकते हैं। इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार को दो जिलों में स्कूल बंद किए गए।रोहित ठाकुर ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन जिलों में प्रशासन द्वारा स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाएगा, वहां केवल विद्यार्थियों ही नहीं बल्कि शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी छुट्टी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और किसी भी प्रकार का निर्णय स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।शिक्षा विभाग में चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में अब तक करीब आठ हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त लगभग दो हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया विभिन्न चरणों में चल रही है। उन्होंने बताया कि 400 असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों का प्रस्ताव चयन आयोग को भेजा जा चुका है और इन पदों पर भी जल्द नियुक्तियां होंगी।उन्होंने दावा किया कि सरकार का कार्यकाल पूरा होने तक शिक्षा विभाग में लगभग 11 हजार नियुक्तियां पूरी हो जाएंगी, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी को सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों पर संदेह है तो वह सूचना के अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है।
सीबीएसई से संबद्ध किए गए सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 150 स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा गया है। पहले चरण में इन स्कूलों के लिए प्रिंसिपलों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और प्रिंसिपलों की तैनाती के बाद चयनित शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।प्रदेश में प्रस्तावित एआई यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर रोहित ठाकुर ने कहा कि आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इस दिशा में शुरुआती स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। फिलहाल यह योजना प्रारंभिक चरण में है और आगे विशेषज्ञों से चर्चा के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।