Summer express, इंफाल। मणिपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेनापति जिले में करीब 49.5 किलोग्राम अफीम की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह इम्फाल-दीमापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (NH-2) पर टी. खुल्लेन क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक चारपहिया वाहन को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से मौके से भाग निकला।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर वाहन लावारिस हालत में खड़ा मिला। तलाशी के दौरान वाहन से 49 पैकेट अफीम बरामद हुई, जिसका कुल वजन 49.5 किलोग्राम पाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन मालिक से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिनके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।