Summer express, चंडीगढ़ I हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल री-इम्बर्समेंट) दावों के भुगतान के लिए 46 करोड़ 20 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को बजट आवंटन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक स्टाफ के चिकित्सा प्रतिपूर्ति मद के लिए 10 लाख रुपये तथा संबंधित जिले के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस प्रकार प्रत्येक जिले को कुल 2.10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवंटित राशि का उपयोग केवल चिकित्सा प्रतिपूर्ति मद में ही किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी प्राप्त दावों का नियमानुसार परीक्षण कर स्वीकृति देंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत भुगतान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी भुगतान वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोषागार के माध्यम से किए जाएंगे।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वीकृत बजट से अधिक राशि खर्च नहीं की जा सकती। यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
इन जिलों को मिला 2.10 करोड़ रुपये का आवंटन
अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, जींद, झज्जर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, नूंह (मेवात), महेंद्रगढ़ (नारनौल), पंचकूला, पलवल, पानीपत, रोहतक, रेवाड़ी, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर।