Summer express, भिवाड़ी भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस ने खुद को हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच (सीआईए) का अधिकारी बताकर मेडिकल स्टोर संचालक से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पीड़ित से 50 हजार रुपये की दूसरी किस्त लेने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने पहले से बिछाए जाल में उन्हें दबोच लिया। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा के नूंह जिले के सुनारी गांव निवासी अजरूदीन सांथलका क्षेत्र में भारत फार्मेसी नाम से मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। 12 जुलाई की शाम कार में सवार पांच युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और खुद को हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया।
आरोपितों ने मेडिकल संचालक पर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का आरोप लगाते हुए कार्रवाई का भय दिखाया। इसके बाद वे उसे जबरन कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
पीड़ित के विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और दबाव बनाकर यूपीआई के जरिए दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में एक लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। यूपीआई लिमिट समाप्त होने पर आरोपितों ने अगले दिन 50 हजार रुपये और देने की धमकी देकर उसे छोड़ दिया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। सोमवार को आरोपितों ने पीड़ित को फोन कर 50 हजार रुपये तैयार रखने और रकम दो युवकों को सौंपने के निर्देश दिए। पुलिस की रणनीति के तहत पीड़ित ने आरोपितों को बातचीत में उलझाए रखा।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर जैरोली थाना क्षेत्र के गहनकर गांव निवासी मोहित और भिवाड़ी निवासी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार तीन अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।