Summer express, फरीदाबाद | विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जुलाई को देशभर से चयनित युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। इस विशेष कार्यक्रम में फरीदाबाद जिले के तीन युवाओं को भी शामिल होने का अवसर मिला है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बुधवार को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्चुअल संवाद के लिए सभी तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
माई युवा भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पल्लवी जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि चयनित युवाओं का चयन ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन और मेरिट के आधार पर किया गया है।
उन्होंने बताया कि विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश के सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्व से परिचित कराना है। साथ ही उनमें राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र निर्माण और सीमा क्षेत्रों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है।
बैठक के दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को सीमावर्ती गांवों की वास्तविक परिस्थितियों और राष्ट्रीय सुरक्षा में वहां के नागरिकों की भूमिका को समझने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू की बारीकी से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।