Mandi, Dharamveer-सराज विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावितों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार घर गंवा चुके लोगों को नए मकान बनाने के लिए 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही घर के भीतर रखे सामान, गौशाला व पशुधन के नुकसान का भी उचित मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा से दोबारा नुकसान न हो, इसके लिए लोग सुरक्षित स्थानों पर नए घर बनवाएं। यह निर्णय जल्द ही कैबिनेट में लाकर अधिसूचना के माध्यम से लागू किया जाएगा।
“वन भूमि की अनुमति केंद्र दे” – मुख्यमंत्री
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 68% भूमि वन क्षेत्र में आती है, जबकि केवल 32% क्षेत्र में 70 लाख लोग बसे हैं। ऐसे में प्रभावितों को पुनर्वास के लिए यदि भूमि देनी है, तो केंद्र सरकार को वन भूमि हस्तांतरित करने की अनुमति देनी होगी। उन्होंने प्रदेश के सांसदों से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार से यह अनुमति दिलवाएं।
“आपदा पर राजनीति न हो” – विपक्ष को नसीहत
सराज दौरे पर मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर पर भी तंज कसते हुए कहा कि भाजपा आरोप लगा रही है कि सरकार कुछ नहीं कर रही, जबकि 100 से ज्यादा मशीनें सड़कों को खोलने में लगीं थीं। उन्होंने कहा कि यह वक्त राजनीति करने का नहीं, मिलकर राहत कार्यों को मजबूत करने का है।
“कंगना रनौत केंद्र से दिलाएं मदद” – सीएम की सलाह
सीएम ने मंडी से सांसद कंगना रनौत को भी सलाह दी कि उन्हें बयानबाजी की जगह केंद्र से ज्यादा से ज्यादा मदद लाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें प्रतिनिधि बनाकर भेजा है, ऐसे में उनका यह दायित्व बनता है।
जनता से राहत कोष में सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे डीसी मंडी द्वारा बनाए गए आपदा राहत कोष के माध्यम से ही डोनेशन दें, ताकि हर जरूरतमंद तक सही और पारदर्शी तरीके से सहायता पहुंच सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से भी बचने की सलाह दी।