Shimla, 9 July-जिला अदालत चक्कर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पूरी सतर्कता बरतते हुए तलाशी अभियान जारी है। इससे पहले शिमला हाईकोर्ट को भी दो बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि हर बार पुलिस की मुस्तैदी से कोई बड़ा हादसा टल गया।
डीसीपी (सुरक्षा) ने बताया, “हम किसी भी प्रकार के खतरे को नजरअंदाज नहीं करते। नागरिकों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।“स्थानीय लोगों और कोर्ट कर्मियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। सभी व्यक्ति सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है।