Palwal, 9 July-गोरक्षा से जुड़े एक पुराने मामले में सुर्खियों में आए लोकेश सिंगला ने सोमवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पहले लोकेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने बजरंग दल के तीन सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना और झूठे केस में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में लोकेश ने कहा कि वह अब अपने ही लोगों से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है।
जीआरपी होडल चौकी प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिवार ने वीडियो में बताए गए नामों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है और जल्द ही लिखित शिकायत देने की बात कही है।
लोकेश ने वीडियो में कहा, “मैंने नासिर और जुनेद को नहीं मारा… मैं सिर्फ गोरक्षा कर रहा था… लेकिन अब मैं अपने ही लोगों से परेशान हूं।” ज्ञात हो कि 2023 के चर्चित नासिर-जुनेद हत्याकांड में लोकेश का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था।मूल रूप से नूंह जिले के बिछोर गांव का निवासी लोकेश, वर्तमान में होडल के पुन्हाना मोड़ क्षेत्र में रह रहा था। वह विवाहित था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं।चौकी प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।