Summer express, अमृतसर | कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौल, एक किलोग्राम हेरोइन, एक किलोग्राम अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, यही हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते भारत में हथियार और मादक पदार्थों की खेप भेजता था। आरोपियों की भूमिका इन खेपों को प्राप्त कर उन्हें आगे आपराधिक तत्वों और तस्करी नेटवर्क तक पहुंचाने की बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में थाना छेहरटा और थाना कैंटोनमेंट में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल की जा रही है, ताकि सीमा पार बैठे हैंडलरों और उनके स्थानीय सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके।
कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से जारी है और जल्द ही इस अंतरराज्यीय एवं सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की संभावना है।