Summer express, अंबाला। लंबे इंतजार के बाद अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम स्थित ऑल वेदर स्विमिंग पूल एक बार फिर तैराकों और आम नागरिकों के लिए खुलने जा रहा है। करीब 16 माह से बंद पड़ा यह स्विमिंग पूल 1 अगस्त से संचालन शुरू करेगा। खेल विभाग मुख्यालय ने जिला खेल विभाग को इसके संचालन की मंजूरी दे दी है, जिससे खिलाड़ियों और तैराकी सीखने के इच्छुक लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्विमिंग पूल का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 10 बजे तक और शाम 3 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। पूल शुरू होने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं आम नागरिकों को भी निजी स्विमिंग पूलों की तुलना में कम शुल्क पर तैराकी का अवसर मिलेगा।
दरअसल, मार्च 2025 में स्विमिंग पूल का पूर्व टेंडर समाप्त होने के बाद इसके संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। जिला खेल विभाग ने स्थानीय स्तर पर संचालन का प्रस्ताव तैयार कर डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काउंसिल के माध्यम से मुख्यालय को भेजा था। हालांकि, अनुमति और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण मामला लंबे समय तक लंबित रहा।
इस दौरान खिलाड़ियों और तैराकों ने कई बार पूल शुरू करने की मांग उठाई। उनकी ओर से यह मुद्दा प्रदेश के मंत्री अनिल विज और खेल मंत्री गौरव गौतम के समक्ष भी रखा गया था। हालांकि आश्वासन मिलने के बावजूद संचालन शुरू नहीं हो सका। सितंबर 2025 में कुछ समय के लिए जिला खेल विभाग को संचालन की अनुमति मिली थी, लेकिन तब तक तैराकी का सीजन लगभग समाप्त हो चुका था।
अब खेल विभाग की मंजूरी मिलने के बाद जिला खेल विभाग स्वयं पूल का संचालन करेगा। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा, बल्कि अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के तैराक भी नियमित अभ्यास कर सकेंगे।
उधर, शहजादपुर के बड़ागढ़ स्थित आधुनिक खेल परिसर का मौसमी स्विमिंग पूल इस वर्ष भी आमजन के लिए शुरू नहीं किया जाएगा। ऐसे में अंबाला कैंट का ऑल वेदर स्विमिंग पूल क्षेत्र के तैराकों के लिए प्रमुख विकल्प रहेगा।
खेल प्रेमियों का मानना है कि पूल के दोबारा शुरू होने से जिले में तैराकी खेल को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।