Summer express /सोलन, भूपेंद्र-: बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को सोलन स्थित फल एवं सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में सेब कारोबार, बागवानों को भुगतान और लाइसेंसी आढ़तियों से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बागवानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।जगत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि जिन आढ़तियों द्वारा बागवानों की फसल की राशि का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडी में होने वाले कारोबार की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने फल मंडी में लाइसेंसी आढ़तियों के नाम डिस्प्ले नहीं किए जाने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि मंडी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी लाइसेंसी आढ़तियों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाने चाहिए, ताकि बागवानों और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान यूनिवर्सल कार्टन को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि बागवानों और कारोबारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सल कार्टन में आवश्यक रूप से थोड़ी मोडिफिकेशन की जाएगी। इसका उद्देश्य पैकिंग व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और व्यावहारिक बनाना है।उन्होंने अधिकारियों को मंडी व्यवस्था में सुधार और बागवानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।