Summer express, गुरुग्राम। पंजाबी बिरादरी महासभा तथा कल्याणी अस्पताल, गुरुग्राम के सौजन्य से रविवार को श्री कृष्ण मंदिर चार-आठ मरला में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन पूर्व प्रधान 4-8 मरला सनातन धर्म मंदिर स्वर्गीय श्री घनश्याम दास कुमार की पुण्य स्मृति में किया गया।
शिविर का उद्घाटन वरिष्ठ नेता तिलक राज मल्होत्रा और स्वर्गीय घनश्याम दास कुमार की धर्मपत्नी नीलम कुमार ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर पंजाबी बिरादरी महासभा के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोग डॉ. सुभाष खन्ना, भीम वासुदेव, एच. एस. चावला, अनुराग बक्शी, सुरेश दुआ, दीवान दुरेजा, सुरेश चौधरी, प्रदीप नरुला सहित समाज के अनेक सम्मानित सदस्य मौजूद थे। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चला। शिविर के संयोजक राजीव कुमार ने बताया कि शिविर में लगभग 150 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। राजीव कुमार ने कहा कि स्वर्गीय घनश्याम दास कुमार समाजसेवा और धार्मिक कार्यों के लिए हमेशा समर्पित रहे। उनकी याद में लगाया गया यह स्वास्थ्य शिविर सेवा और मानवता का सच्चा उदाहरण है।
मरीजों की बीपी, शुगर, वजन और अन्य प्रारंभिक जांचें भी नि:शुल्क की गईं। शिविर की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों की जांच कर उन्हें दवाओं और आगे के उपचार के बारे में सलाह भी दी गई। शिविर में सेवाएं देने वाले प्रमुख चिकित्सक डॉ. सुभाष खन्ना जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन, डॉ. समिति कौशिक दंत विशेषज्ञ, डॉ. नीति कुमार खन्ना स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. विक्रांत खन्ना ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ, डॉ. मधुर जैन हृदय रोग विशेषज्ञ, डॉ. जॉय चक्रवर्ती जनरल फिजिशियन, डॉ. सतीश नागपाल नेत्र एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों को जीवनशैली संबंधी बीमारियों, खान-पान और नियमित जांच के प्रति जागरूक भी किया।