Summer express/यमुनानगर,परवेज -:यमुनानगर के बुड़िया क्षेत्र की राजाजी गली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 250 साल पुराने ऐतिहासिक राजा जी महल की विशाल दीवार का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। दीवार का मलबा गली में गिरने के साथ ही सामने बने मकान पर भी जा गिरा। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद केयरटेकर दंपती मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तस्वीरें यमुनानगर के बुड़िया इलाके की राजाजी गली की हैं, जहां ऐतिहासिक राजा जी महल का एक बड़ा हिस्सा अचानक धराशायी हो गया। कुछ ही सेकंड में महल की भारी-भरकम दीवार भरभराकर गली में जा गिरी और इसकी चपेट में सामने स्थित एक मकान भी आ गया। दीवार गिरने की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि हादसे के समय मकान के अंदर केयरटेकर दंपती मौजूद थे। अचानक गिरी दीवार के मलबे में दोनों दब गए और घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।महल का यह हिस्सा गिरने की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ ही पलों में दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिरती है और देखते ही देखते सड़क और मकान के आसपास मलबा फैल जाता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा जी महल ऐतिहासिक महत्व की इमारत है और इसका काफी हिस्सा लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। इसके बावजूद समय रहते जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद पुरानी और जर्जर ऐतिहासिक इमारतों का तत्काल सर्वे करवाया जाए। लोगों का कहना है कि जिन इमारतों से आसपास के मकानों और राहगीरों को खतरा है, वहां बैरिकेडिंग, मरम्मत या अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।राजा जी महल का हिस्सा गिरने की घटना ने एक बार फिर शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर इमारतों की स्थिति का आकलन कर उचित कदम उठाए जाएं, तो भविष्य में होने वाले बड़े हादसों को टाला जा सकता है।