Summer express/कुरुक्षेत्र,गुरदीप सिंह गुजराल-:कुरुक्षेत्र में अमावस्या के अवसर पर ब्रह्म सरोवर में स्नान करने पहुंचे एक श्रद्धालु की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है, जो नरवाना का रहने वाला था। घटना के बाद SDRF की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया और दूसरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद शव को सरोवर से बरामद किया।जानकारी के मुताबिक, अमावस्या के अवसर पर हरियाणा सहित आसपास के कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुरुक्षेत्र पहुंचे थे।
इसी दौरान कुलदीप भी ब्रह्म सरोवर में स्नान करने आया था। शाम के समय परिजनों को सूचना मिली कि कुलदीप सरोवर में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की गई।SDRF के ASI राजेश कुमार ने बताया कि व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने के बाद टीम ने पूरे दिन ब्रह्म सरोवर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद सुबह करीब 6 बजे दोबारा तलाश शुरू की गई। टीम ने काफी प्रयास के बाद कुलदीप का शव बरामद कर लिया।मृतक के चचेरे भाई राजा ने बताया कि कुलदीप अमावस्या के मौके पर स्नान करने के लिए कुरुक्षेत्र आया था। परिवार को शाम के समय उसके डूबने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि परिवार में कुलदीप और उसकी मां ही हैं।शव बरामद होने के बाद SDRF ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।