Summer express/हमीरपुर,अरविंद-:हमीरपुर में युवाओं, खासकर जेनजी के बीच लाइब्रेरी में घंटों बैठकर पढ़ाई करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। घर के माहौल में बार-बार होने वाले व्यवधानों के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में शांत और एकांत माहौल उपलब्ध कराने वाली लाइब्रेरी युवाओं के लिए बेहतर विकल्प बन रही है। जिला पुस्तकालय हमीरपुर में भी रोजाना आने वाले पाठकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। बढ़ती संख्या के चलते लाइब्रेरी में बैठने की जगह कम पड़ने लगी थीपाठकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुस्तकालय प्रबंधन की ओर से अतिरिक्त स्पेस तैयार किया गया है। नए स्पेस में करीब 50 से 70 लोगों के एक साथ बैठकर पढ़ाई करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए कमरों को रीडिंग स्पेस में तब्दील करने के साथ नया फर्नीचर भी लगाया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को काफी राहत मिलेगी।
हमीरपुर जिला मुख्यालय में इन दिनों प्राइवेट पेड लाइब्रेरियों का चलन भी तेजी से बढ़ा है। इन लाइब्रेरियों में छात्रों को हर महीने करीब 1500 रुपये तक फीस चुकानी पड़ती है। इसके मुकाबले सरकारी जिला पुस्तकालय में कम खर्च में पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। पुस्तकालय में इंटरनेट की सुविधा भी पाठकों को मिल रही है, जिससे ऑनलाइन स्टडी मटीरियल और परीक्षा संबंधी जानकारी हासिल करना आसान हो गया है।जिला पुस्तकालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग रीडिंग हॉल बनाए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को सुविधाजनक और अनुशासित माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलता है। वहीं, छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण उन्हें नियमित रूप से लाइब्रेरी आकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करता है।बहुमंजिला भवन में अलग-अलग बड़े हॉल मौजूद हैं, जहां विभिन्न विषयों से संबंधित किताबें उपलब्ध हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पाठ्य सामग्री के साथ शांत अध्ययन वातावरण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि लाइब्रेरी में बढ़ती पाठकों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त स्पेस तैयार किया गया है। कुछ कमरों को रीडिंग के लिए विकसित किया गया है और वहां नया फर्नीचर लगाया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा सुविधाजनक माहौल में पढ़ाई कर सकें।