Summer express/अंबाला -:15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। मेटल डिटेक्टर के जरिए यात्रियों की जांच की जा रही है, वहीं स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जीआरपी अंबाला के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। किसी भी असामाजिक तत्व को स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से स्टेशन परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों की भी जांच की जा रही है।जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म, बुकिंग हॉल और स्टेशन परिसर के प्रत्येक हिस्से की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही छोटे और दूर-दराज के रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ट्रेनों के अंदर यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर तत्काल पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। उच्च अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या लावारिस बैग को हाथ न लगाएं। ऐसी वस्तु दिखाई देने पर तुरंत रेलवे या पुलिस अधिकारियों को सूचना दें।