Summer express/पलवल,सुन्दर कुंडू-:जिले के गांव रजोलका निवासी प्रसिद्ध बीन वादक हवासिंह नाथ के लिए यह गौरव का क्षण है। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा विश्व स्तर पर भारतीय लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उन्हें वीरवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करने के बाद हवासिंह नाथ जब अपने गांव रजोलका लौटे तो ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्राम पंचायत की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने हवासिंह नाथ को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। पंचायत की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि हवासिंह नाथ ने अपनी कला के माध्यम से न केवल रजोलका बल्कि पूरे पलवल जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।ग्राम पंचायत के सरपंच हरबंश कुंडू ने कहा कि हवासिंह नाथ लंबे समय से बीन वादन की कला को समर्पित हैं। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर वह कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान हासिल कर चुके हैं। राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाना उनकी वर्षों की साधना और उपलब्धियों की बड़ी पहचान है।उन्होंने कहा कि हवासिंह नाथ की सफलता से गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र और पूरे पलवल जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धि युवा पीढ़ी को लोक कला एवं संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।