Summer express, धर्मवीर , मंडी, । मंडी शहर के सेरी मंच पर 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सबसे पहले शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के साथ एनसीसी, एनएसएस और पुलिस बैंड ने हिस्सा लिया। समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
अपने संबोधन में अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए योगदान और बलिदान देने वाले वीरों को राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता। हिमाचल प्रदेश के रणबांकुरों ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और प्रदेश उनके योगदान के लिए हमेशा कृतज्ञ रहेगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने चुनावी वादों और की गई घोषणाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बागवानों के हित में सरकार जल्द नई बागवानी नीति लाने की दिशा में काम कर रही है। इस नीति से करीब 82 हजार लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा या मौसम की वजह से फसल को नुकसान होने पर किसानों को सरकारी सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी विषय की पढ़ाई शुरू की गई है। विद्यार्थियों को महज एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जहां 24 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों से करीब 2 हजार रुपये फीस ली जा रही है, जबकि निजी स्कूलों में इसी स्तर की शिक्षा के लिए काफी अधिक फीस वसूली जाती है।
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और हिमाचली संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।