Summer express, संजू,शिमला । राजधानी शिमला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी, एनएसएस तथा भारत स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। हिमाचल पुलिस और गृह रक्षक बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिमाचली संस्कृति और देशभक्ति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने किन्नौरी नृत्य, कोटशेरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी, शोघी के नृत्य कला केंद्र ने सोलन का गिद्दा और डाइट शामलाघाट के विद्यार्थियों ने नाटी प्रस्तुत की।
संभोटा तिब्बतन स्कूल छोटा शिमला के विद्यार्थियों ने याक नृत्य के माध्यम से अपनी संस्कृति की झलक पेश की, जबकि जवाहर लाल नेहरू राजकीय ललित कला महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी।
समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
शिक्षण संस्थानों में विचारधारा नहीं, मेरिट को प्राथमिकता देने की बात
समारोह के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शिक्षण संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप से जुड़े बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को किसी एक विचारधारा तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए और शिक्षण संस्थानों में नियुक्तियों के दौरान मेरिट को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
रोहित ठाकुर ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कथित तौर पर विचारधारा से जुड़े लोगों की नियुक्तियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि इन मामलों का अदालत ने भी संज्ञान लिया था और अब इन नियुक्तियों की जांच की आवश्यकता है। शिक्षा मंत्री ने संकेत दिया कि सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी।
‘अर्बन नक्सल’ बयान पर बोले- स्वतंत्रता दिवस पर सकारात्मक संदेश जरूरी
लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘अर्बन नक्सल’ को खत्म करने की बात कहे जाने पर रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर देशवासियों को सकारात्मक संदेश दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मौके पर देश और समाज को आगे बढ़ाने वाली सकारात्मक बातों पर जोर देना जरूरी है।