Summer express, नई दिल्ली। पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ अप्रैल-जून तिमाही में 86 प्रतिशत बढ़कर 335.73 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 180.35 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय भी बढ़ी है। अप्रैल-जून 2026 के दौरान कुल आय 11,341.89 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 8,779 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के कारोबार की बात करें तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में खाद्य तेल कारोबार से 8,504 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं, एफएमसीजी कारोबार से कंपनी को 2,937.74 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
पतंजलि फूड्स खाद्य तेल और एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी खाद्य तेल, रोजमर्रा की उपभोक्ता वस्तुओं के अलावा पवन ऊर्जा उत्पादन के कारोबार में भी सक्रिय है। कंपनी की स्थापना 1986 में हुई थी।
वित्त वर्ष 2025-26 में भी कंपनी के मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई थी। उस वित्त वर्ष में पतंजलि फूड्स का शुद्ध लाभ बढ़कर 1,814.47 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 1,300.70 करोड़ रुपये था।