Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-: वंदे मातरम के कथित अपमान के विरोध में धर्मशाला में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। देर शाम करीब छह बजे कचहरी चौक पर आयोजित प्रदर्शन में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर राष्ट्रगीत के सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर ने किया। उन्होंने कांग्रेस और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले दिन वंदे मातरम के गायन के दौरान इसे पूरा किए जाने से रोकने का प्रयास किया गया। कपूर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आत्मा, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक है। इसी गीत से प्रेरणा लेकर देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्योछावर किया।शाश्वत कपूर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता लंबे समय से भारत विरोधी रही है और वंदे मातरम को लेकर सामने आया विवाद इसी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है तथा देश के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।कपूर ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान को लेकर देशभर में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम और विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धर्मशाला में भी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रगीत का गायन किया।उन्होंने कांग्रेस से कथित राष्ट्र विरोधी सोच को छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि वंदे मातरम के अपमान को युवा मोर्चा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ता विरोध जता रहे हैं और आने वाले समय में जनता भी इसका जवाब देगी।