Summer express, हिसार। हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों में जहां कुछ बारिश देखने को मिल रही है, वहीं दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में मानसून का असर सीमित है। इन इलाकों में उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 21 अगस्त से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 18 और 19 अगस्त को हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इस दौरान व्यापक वर्षा के आसार कम हैं। 21 से 24 अगस्त के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और इसके मानसूनी सिस्टम व ट्रफ के साथ प्रभावी होने से बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में भी मानसून की गतिविधियों में कुछ तेजी आने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल पूरे प्रदेश में लगातार और व्यापक बारिश को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दक्षिण-पश्चिमी दिशा से आ रही नम और गर्म हवाओं के कारण दिन के साथ रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
मौसम विभागीय परिस्थितियों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा के तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और स्पष्ट होने की संभावना है। मानसून ट्रफ अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ और वाराणसी से होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। वहीं, उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।
हरियाणा के विभिन्न शहरों में तापमान की बात करें तो हिसार में अधिकतम 36.0 और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में 35.8 और 28.1, पलवल में 35.6 और 27.1, नारनौल में 35.0 और 25.0, रोहतक में 34.5 और 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इसके अलावा अंबाला में अधिकतम तापमान 34.6, करनाल में 34.4, भिवानी में 34.4 और कुरुक्षेत्र में 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान क्रमशः 26.4, 27.5, 25.0 और 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा।