Summer express, कोलकाता। उत्तर कोलकाता के सिमला-बिडन स्ट्रीट इलाके में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बाद करीब 200 साल पुरानी तीन मंजिला जर्जर इमारत अचानक ढह गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 19 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान उर्मिला शॉ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह किसी काम से घर से बाहर निकलने वाली थीं, तभी अचानक इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर गया और वह मलबे की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी, जिसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा।
पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं। संकरी गली के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घटनास्थल पर कोलकाता नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रातभर हुई तेज बारिश के बाद सुबह अचानक इमारत गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो पूरा इलाका मलबे से घिरा हुआ था। इसके बाद राहत टीमों ने अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि कोलकाता नगर निगम ने इस इमारत को काफी समय पहले ही जर्जर और रहने के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया था। नगर निगम की ओर से वहां रहने वाले लोगों को मकान खाली करने या इमारत की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए थे। कुछ लोगों ने जगह खाली कर दी थी, लेकिन कई परिवार अब भी इसी इमारत में रह रहे थे।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि हादसे के समय इमारत के अंदर कितने लोग मौजूद थे। बचाव अभियान जारी है और मलबे को सावधानी से हटाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना फिलहाल प्राथमिकता है।