Summer express, यमुनानगर। उपमंडल छछरौली के गांव लेदी में मंगलवार सुबह बसों की कमी से परेशान स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। नियमित बस सेवा नहीं मिलने से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने छछरौली मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि लेदी बस स्टैंड पर सुबह के समय पर्याप्त रोडवेज बसें नहीं रुकतीं। इस वजह से उन्हें स्कूल और कॉलेज पहुंचने में देरी होती है और उनकी कक्षाएं प्रभावित होती हैं। छात्रों के अनुसार, दोपहर में छुट्टी के बाद घर लौटने के दौरान भी उन्हें बस के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।
विद्यार्थियों ने कहा कि बसों की संख्या बढ़ाने और इस रूट पर अतिरिक्त फेरे शुरू करने की मांग वे लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे परेशान होकर मंगलवार को उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही थाना छछरौली प्रभारी वेदपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए रोडवेज विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। पुलिस और रोडवेज अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि लेदी रूट पर बसों के फेरे बढ़ाने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने के संबंध में कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बसों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। छात्रों का कहना है कि परिवहन सुविधा की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है और इस समस्या का जल्द समाधान जरूरी है।