Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने देशभर में ऑल इंडिया परमिट के तहत संचालित हो रही निजी वोल्वो बसों को लेकर चिंता जताई है। HRTC उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि निजी बस ऑपरेटरों को कम वार्षिक टैक्स में देशभर में बसें चलाने की सुविधा मिलने से सरकारी परिवहन निगमों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।अजय वर्मा के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पहले केंद्र सरकार की ओर से किए गए प्रावधान के बाद निजी ऑपरेटर लगभग तीन लाख रुपये के वार्षिक भुगतान पर ऑल इंडिया परमिट के तहत देशभर में बसों का संचालन कर सकते हैं। वहीं, HRTC को दूसरे राज्यों में बसें ले जाने पर संबंधित राज्य के नियमों के अनुसार अलग से टैक्स का भुगतान करना पड़ता है। इससे सरकारी और निजी बस ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा असमान होने की बात कही जा रही है।
अजय वर्मा के कहा कि दिल्ली ISBT में निजी वोल्वो बसों को काउंटर उपलब्ध होने, जबकि सरकारी परिवहन निगमों के काउंटर सीमित होने से भी HRTC को नुकसान उठाना पड़ रहा है। निजी बसों को संचालन में बढ़त मिलने के साथ किराए में भी अंतर देखने को मिल रहा है।
अजय वर्मा ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद HRTC यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने और उनका विश्वास बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। हिमाचल की जनता का निगम के साथ भावनात्मक जुड़ाव है और HRTC इस भरोसे को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मामला उठाया है। इसके अलावा परिवहन विभाग के माध्यम से न्यायालय में भी इस विषय को रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल HRTC का नहीं, बल्कि देश के सभी सरकारी परिवहन निगमों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।