Summer express/चंबा,मंजूर पठान-: हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम में हाल ही में हुई करीब 30 भर्तियों को लेकर भाजपा नेता जय सिंह ने प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। चंबा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रदेश के योग्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के समान अवसर देने की मांग की।
जय सिंह ने कहा कि हिमाचल में हजारों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में सरकारी विभागों और निगमों में होने वाली भर्तियों को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटन निगम में हुई भर्तियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और सरकार को चयन प्रक्रिया तथा नियुक्तियों के आधार को सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती में योग्यता, पात्रता और निर्धारित नियमों का निष्पक्ष रूप से पालन होना चाहिए, ताकि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को अपने हक से वंचित न होना पड़े। उन्होंने सरकार से मांग की कि पर्यटन निगम में हुई करीब 30 नियुक्तियों की प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक की जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो उचित कार्रवाई की जाए।भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी के विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी बेरोजगारी के मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों को राजनीति से ऊपर उठकर विधानसभा और जनता के बीच मजबूती से उठाया जाना चाहिए।जय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार को रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ मौजूदा भर्तियों में भी निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बेरोजगार युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रही तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज और तेज करेगी।