Summer express/पलवल,सुन्दर कुंडू-:पलवल शहर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथियारों से लैस हमलावर जबरन घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमले में पति-पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुप्ता गंज निवासी गंगाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उनके बेटे शिवम की हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान पड़ोसी विष्णु से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस दौरान विष्णु ने पलवल लौटने पर शिवम को देख लेने की धमकी दी थी। शिकायत के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते विष्णु, उसकी मां मीना और करीब 15 अन्य लोग डंडे, लोहे की रॉड और तलवारें लेकर गंगाराम के घर पहुंचे और हमला कर दिया।lहमले में गंगाराम और उनकी पत्नी दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले गंगाराम के साले कन्हैया उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हुए, जिसके बाद तीनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।सूचना मिलने पर शहर थाना की भवनकुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत, वायरल वीडियो और अस्पताल से प्राप्त एमएलआर के आधार पर मां-बेटे समेत 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।