Summer express/मंडी,धर्मवीर- : जिला मंडी के उत्तरशाल क्षेत्र की कटौला तहसील के नागनाला में शनिवार सुबह पहाड़ी से अचानक भारी भूस्खलन होने से लोगों में दहशत फैल गई। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे नाले में जा गिरे। भूस्खलन का खौफनाक मंजर मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सामने आया है। घटना के दौरान पहाड़ी का मलबा तेजी से नीचे की ओर गिरता दिखाई दिया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग कुछ देर के लिए सहम गए।
राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक घटना में अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, भूस्खलन के बाद क्षेत्र में संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। सुरक्षा के लिहाज से मौके के आसपास स्थित तीन घरों को खाली करवा दिया गया है। प्रभावित परिवारों ने फिलहाल साथ लगते सुरक्षित घरों में शरण ली है।नायब तहसीलदार कटौला नेक राम ने भूस्खलन की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्र से दूर रहने और किसी भी तरह का खतरा महसूस होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।