Summer express/शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आए। विधानसभा परिसर के बाहर दोनों पक्षों ने अलग-अलग प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लेकर नेताओं ने सरकार और विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा रहा।विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। भाजपा ने हिमकेयर और सहारा योजना को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रदेश की इन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं को कमजोर किए जाने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली योजनाओं को जारी रखना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना प्रदेश के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है और इसके जरिए बड़ी संख्या में हिमाचलवासियों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। उन्होंने सरकार पर योजना को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आम जनता के हित प्रभावित हो रहे हैं। जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष के प्रदर्शन पर भी पलटवार किया और दावा किया कि कांग्रेस को अभी से विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को उठाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा देश और प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रदर्शन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस आगामी चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और सत्ता में वापसी को लेकर भाजपा के दावों का जनता जवाब देगी।विधानसभा के चौथे दिन सदन के बाहर हुए इन प्रदर्शनों से साफ है कि मानसून सत्र के दौरान राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में भी दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ आक्रामक रुख बनाए रख सकते हैं।