Summer express, रेवाड़ी। जिले में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रविवार देर रात भी जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी। इसके बाद सोमवार को दिनभर धूप नहीं निकली और मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहे।
सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह आठ बजे तक बावल में 10 मिलीमीटर, धारूहेड़ा में 3 मिलीमीटर और रेवाड़ी शहर में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार को नाहड़ क्षेत्र में सबसे अधिक 13 मिलीमीटर बारिश हुई थी। रेवाड़ी शहर में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कोसली, धारूहेड़ा और जाटूसाना में बारिश नहीं हुई।
सोमवार को बावल में 5, डहीना में 3 और मनेठी में 2 मिलीमीटर बारिश हुई थी। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर खेतों में पानी जमा हो गया है। कुछ क्षेत्रों में अधिक पानी जमा होने से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जबकि अधिकांश इलाकों में हुई बारिश को कृषि के लिए लाभकारी माना जा रहा है।
बारिश के चलते रेवाड़ी शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में फिलहाल बारिश का असर बना रहने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।