Summer express/शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के कथित अपमान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गरमा गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी वीडियो को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि वीडियो सामने आने के बाद साफ हो गया है कि राष्ट्रगान का किसी भी तरह से अपमान नहीं हुआ। जयराम ठाकुर ने कहा कि काफी आग्रह के बाद पांच दिन में राष्ट्रगान का वीडियो जारी किया गया। उन्होंने खुद इस वीडियो को कम से कम 10 बार देखने की बात कही और कहा कि कहीं भी राष्ट्रगान के अपमान जैसा कुछ नजर नहीं आया। उनके मुताबिक सभी सदस्यों ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद अब पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई है और भाजपा आज विधानसभा अध्यक्ष से इस मामले में अगली व्यवस्था की मांग करेगी। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सदन के भीतर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि 18 विधायकों के सामने मुख्यमंत्री की ओर से कही गई बात केवल सदन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इससे प्रदेश की 75 लाख जनता के सामने गलत संदेश गया।जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देते हुए जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करवाए और भाजपा के खिलाफ नारे लगाए। जयराम ने कहा कि अब वीडियो सामने आने के बाद सब कुछ साफ हो गया है और राष्ट्रगान के अपमान को लेकर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए आरोप गलत साबित हुए हैं।
वहीं, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के आरोपों पर जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने कभी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की तुलना नहीं की। उन्होंने कहा कि पूरा विवाद केवल प्रोटोकॉल को लेकर है। जयराम ठाकुर ने 9 जुलाई की अधिसूचना का हवाला देते हुए कहा कि जहां राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों गाए जाने हों, वहां राष्ट्रगीत पहले और राष्ट्रगान बाद में गाए जाने की व्यवस्था दी गई है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के कार्यक्रम में भी यही व्यवस्था देखने को मिली, जहां पहले वंदे मातरम् और उसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि यही प्रोटोकॉल पूरे देश में लागू होना चाहिए।