Summer express , डेराबस्सी । डेराबस्सी में रात एक 18 वर्षीय युवक पर मोटरसाइकिल सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। एसएस जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास पंजाब फैशन रेडीमेड शॉप पर काम करने वाले आदिल खान पुत्र सलीम खान को हमले में सिर और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, उसके दोनों हाथों की उंगलियां भी कट गई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उसे डेराबस्सी से चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल और वहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आदिल बुधवार रात करीब 8:30 बजे दुकान के आसपास मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब छह युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों से उसके सिर और दोनों हाथों पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल आदिल सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार तुरंत घायल युवक की मदद के लिए पहुंचे और उसे डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आदिल के चाचा आमिर खान ने बताया कि हमले में उसके हाथों की उंगलियों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और सिर पर भी गहरी चोटें आई हैं। डेराबस्सी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया।
सेक्टर-32 अस्पताल में भी डॉक्टरों ने आदिल की स्थिति गंभीर बताई और बेहतर इलाज के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया। परिजनों के अनुसार, फिलहाल आदिल की हालत नाजुक बनी हुई है और पीजीआई में उसका उपचार चल रहा है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मोटरसाइकिल सवार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपियों की पहचान और वारदात के कारण का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।