Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हमीरपुर शहर में विवाद गहराता जा रहा है। शहर के गौड़ा इलाके में कुछ उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार किए जाने के बाद विद्युत बोर्ड की ओर से उनके बिजली कनेक्शन काटे जाने का मामला सामने आया है। कनेक्शन कटने से नाराज उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वीरवार को उपभोक्ता कल्याण मंच के नेतृत्व में प्रभावित लोगों ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर से मुलाकात कर शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर बोर्ड तथा मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारी उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी इच्छा से स्मार्ट मीटर लगवाने से इनकार किया था, लेकिन इसके बावजूद उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इससे कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उपभोक्ता कल्याण मंच के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि विरोध करने पर लोगों के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें अंधेरे में रखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शहर के एक अन्य क्षेत्र में भी कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे और एक परिवार को करीब एक महीने तक बिजली के बिना रहना पड़ा। उनके अनुसार, बाद में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद उस परिवार की बिजली आपूर्ति बहाल की गई।सुरेश ठाकुर ने कहा कि मंच ने पुलिस अधीक्षक से विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काटे गए बिजली कनेक्शन जल्द बहाल नहीं किए गए तो विद्युत बोर्ड के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को शहर से गांवों तक ले जाया जाएगा।
गौड़ा क्षेत्र के निवासी प्रकाश गौतम ने बताया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने के कारण उनके चार बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। उन्होंने भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वहीं, पुरुषोत्तम प्रकाश ने कहा कि जब उपभोक्ता पुराने मीटर से संतुष्ट हैं तो उन पर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव क्यों बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि पुराने मीटर ठीक तरीके से काम कर रहे हैं और उन्हें बदलने की जरूरत नहीं है।उपभोक्ताओं ने सरकार और विद्युत बोर्ड से मामले में हस्तक्षेप कर कनेक्शन बहाल करने तथा स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।