समर न्यूज | मोहाली
खैर के पेड़ों की कथित कटाई को लेकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में लिखित शिकायत के माध्यम से अधिकारियों से कथित अवैध कटाई की जांच कर इसे तत्काल रोकने की मांग की है।
मोहाली के फेज-2 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गांव तारापुर के निवासी भूपिंदर सिंह, हरविंदर सिंह और रामजी दास ने दावा किया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में खैर के पेड़ों की कटाई की जा रही है। उन्होंने करीब 325 पेड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले की जानकारी पहले भी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन कथित तौर पर कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि जंगलात कमेटी की ओर से रेंज ऑफिसर शिशवां तथा जिला फॉरेस्ट ऑफिसर अवनीत सिंह सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप से जानकारी दी गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कथित कटाई की जांच करने के बजाय गांव में गठित फॉरेस्ट प्रोटेक्शन कमेटी तथा इससे जुड़े लोगों के खिलाफ ही थाना माजरी में मामला दर्ज करवा दिया गया।
उन्होंने बताया कि गांव के सरपंच राजेश कुमार, कमेटी प्रधान गुरचरण सिंह, बिक्रमजीत सिंह, दास राम, माखन सिंह और वरिंदरपाल सिंह के खिलाफ महिला गार्ड बिपनजीत कौर की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज किया गया है। मांग है कि मौके की उच्चस्तरीय जांच करवाकर काटे गए पेड़ों की संख्या, कटाई की अनुमति, सरकारी रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाए। जांच में पेड़ों की कटाई बिना अनुमति के पाई जाती है तो कार्रवाई की जाए।