जुलाना | 7 जुलाई को जुलाना के पौली गांव के पास ज्वैलर्स से हुई लूट और मारपीट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट की इस वारदात को अंजाम देने वालों में खुद ज्वैलर्स का कारीगर और उसके परिचित शामिल थे। यानी जिस पर भरोसा था, उसी ने पीठ में छुरा घोंप दिया।
थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि वारदात की साजिश में दुकान पर काम करने वाला कारीगर और दो परिचित शामिल थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन आरोपियों – हरिओम उर्फ रवि, सुमित और जतिन – को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ के दौरान कई राज़ खुल रहे हैं। एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पिस्तौल दिखाकर रास्ता रोका, लूट ले गए जेवर
घटना के दिन, जींद निवासी ज्वैलर्स अनिल करीब 5 किलो चांदी और आधा किलो सोने के जेवर लेकर लौट रहा था। पौली गांव के पास नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर उसकी गाड़ी रुकवाई, मारपीट की और सारा माल लेकर फरार हो गए। अब पुलिस का कहना है कि जल्द बाकी आरोपी भी गिरफ्त में होंगे और लूटे गए गहनों की बरामदगी की जाएगी।