चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले का गांव महराणा इन दिनों एक कोर्ट मैरिज को लेकर सुर्खियों में है। यहां मुस्लिम युवक और हिंदू युवती की शादी ने पूरे गांव में हलचल मचा दी है। 3 जुलाई को हुई इस कोर्ट मैरिज के बाद गांव में तनाव की स्थिति को भांपते हुए पिछले 5 दिनों से पुलिस ने डेरा डाल रखा है।
स्थिति न बिगड़े, इसके लिए गांव में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों की ओर से पंचायत भी बुलाई गई, जिसमें युवक-युवती ने शपथ पत्र देकर अलग रहने की बात कही है। फिलहाल दोनों को सेफ हाउस से परिजनों को सौंप दिया गया है।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि जब दोनों ने कानूनी रूप से शादी की है, तो अलगाव ज्यादा दिन नहीं टिकेगा। गांव में अब दोबारा पंचायत बुलाई जाने की चर्चा है, जिसमें कोई सख्त फैसला लिया जा सकता है। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।